कांग्रेस के खिलाफ भाजपा ने सोमवार को राजधानी देहरादून के गांधी पार्क में ‘सामाजिक सौहार्द संकल्प’ धरना दिया। धरने में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य समेत भाजपा के कई नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हाथों में विरोध लिखी तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया।
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर सभा स्थल के शुद्धिकरण के नाम पर भ्रम फैलाने और प्रदेश के सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की शांतिपूर्ण सामाजिक व्यवस्था को राजनीतिक लाभ के लिए प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस झूठ फैलाकर उत्तराखंड को सामाजिक बंटवारे की ओर धकेलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज को बांटने वाली राजनीति का विरोध करती है और प्रदेश में इस तरह की कोशिशों को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।
धरने को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर अनुसूचित जाति समाज के प्रति अपमानजनक रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक अनुसूचित समाज की उपेक्षा की, जबकि भाजपा ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सम्मान और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का काम किया है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि धरने का उद्देश्य प्रदेश में सामाजिक समरसता और सौहार्द का संदेश देना है। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि उत्तराखंड में समाज को बांटने वाली राजनीति का विरोध किया जाएगा।

Source link






Source link

By admin